दिल्ली की एक अदालत ने डॉक्टर सुसाइड केस के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद आम आदमी पार्टी विधायक प्रकाश जारवाल की जमानत याचिका खारिज कर दी है।
बीएएमएस डॉक्टर राजेंद्र भाटी आत्महत्या मामले में जारवाल और उनका साथियों के नाम सामने आने के बाद अदालत ने 17 मई को उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। तब से जारवाल समेत सभी आरोपी तिहाड़ जेल में बंद हैं।
क्या है मामला?
दिल्ली के बीएएमएस डॉक्टर राजेंद्र भाटी ने 18 अप्रैल को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। डॉक्टर के पास से जो सुसाइड नोट बरामद हुआ था, उसमें देवली से आप विधायक प्रकाश जारवाल को आरोपी बताया गया था।
डॉक्टर ने सुसाइड नोट में लिखा था कि विधायक व उनके साथियों ने उन्हें खुदकुशी करने के लिए मजबूर किया है। नेबसराय थाने में विधायक प्रकाश जारवाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने विधायक के पिता व दो भाई संजय व अनिल से पूछताछ की थी।