कड़कड़डूमा स्थित डॉ. हेडगेवार अस्पताल में महिला को ठीक से मास्क लगाने की सलाह देने पर एक डॉक्टर से अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि महिला मरीज और उसकी तीमारदार ने थप्पड़ भी मारे। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
रविवार सुबह अस्पताल की इमरजेंसी में ड्यूटी कर रहे जूनियर रेजिडेंट डॉ. पवन कुमार ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 6 बजे एक महिला इलाज करवाने आई। वह महिला का चेकअप करने लगे और उसके साथ आई तीमारदार को पर्ची बनाकर लाने के लिए कहा।
साथ ही तीमारदार को सामाजिक दूरी बनाने और मास्क ठीक से लगाने के लिए कहा। इस बात पर वह भड़क गई और गालियां देने लगी। साथ ही दबाव बनाने के लिए मोबाइल से वीडियो भी बनाने लगी।
डॉक्टर का आरोप है कि गालियां देने और वीडियो बनाने से रोकने पर महिला मरीज और तीमारदार थप्पड़ मारने लगीं। सुरक्षाकर्मियों ने दोनों महिलाओं को रोकने की कोशिश की लेकिन वह काबू में नहीं आईं। उसके बाद डॉक्टरों ने पुलिस को फोन किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर डॉक्टर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया।