एसडीओ साहब कर्मचारियों से बदसलूकी करते हुए उठक-बैठक लगवाते हैं, गाली गलौच करते हैं। उन्हें तुरंत अपने पद से हटाया जाए। वरना पावर कारपोरेशन में कोई भी संविदाकर्मी काम नहीं करेगा।
शालीमार गार्डन सबस्टेशन के एसडीओ की बदसलूकी से नाराज बिजली कर्मियों ने शुक्रवार को वसुंधरा सेक्टर-10 सबस्टेशन का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि एसडीओ उनके साथ आए दिन बदसलूकी करते हैं।
यूनियन के भारतभूषण ने बताया कि शालीमार गार्डन के एसडीओ कंप्यूटर कर्मचारियों व अन्य संविदाकर्मियों के साथ बदसलूकी करते हैं। इतना ही नहीं गलती होने पर कंप्यूटर ऑपरेटरों से उठक-बैठक लगवाते हैं।
बृहस्पतिवार को भी उन्होंने एक कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ बदसलूकी की। जिसके बाद बिजली कर्मियों ने उन्हें हटाने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। अधिशासी अभियंता हरीश बंसल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान महेंद्र सिंह, राजेंद्र, प्रेमराज सिंह, विभोर शर्मा, किशन सिंह, परविंद्र सिंह, संदीप गुप्ता, आरके शर्मा, भावना शर्मा, कमलेश चौहान, एससी त्रिपाठी, पीके सिंह, अरविंद सूर्या, सुबोध कुमार, आदि लोग मौजूद रहे।
एसडीओ बोले, राजनीति कर रहे यूनियन के लोगः एसडीओ राजीव जैन ने बताया कि बृहस्पतिवार को उन्होंने ऑपरेटर को पार्ट पेमेंट की 10 एंट्री करने को कहा था।
शाम तक भी एंट्री नहीं हुई तो उससे कारण पूछा गया। इस पर कुछ यूनियन के लोग उन्हें धमकाने लगे और शुक्रवार को राजनीति करते हुए प्रदर्शन किया।