दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) मेट्रो फेज चार की प्रस्तावित लाइनों पर नौ कोच वाली ट्रेन चलाने की योजना बना रही है। मेट्रो फेज तीन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
उसके पूरा होने के बाद मेट्रो में यात्रियों की संख्या में इजाफा होने की संभावना है। भविष्य में बढ़ती भीड़ से निपटने के लिए डीएमआरसी ने यह फैसला लिया है। मेट्रो के फेज चार में 106 किलोमीटर लंबा नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
इसमें कुल छह कॉरिडोर होंगे। जिसमें चार नए कॉरिडोर होंगे जबकि दो पहले से बने हुए कॉरिडोर का विस्तार होगा। छह कॉरिडोर में इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ, लाजपत नगर से साकेत, रिठाला से बवाना, नरेला मेट्रो लाइन, जनकपुरी पश्चिम से आरके आश्रम और मुकुंदपुर से मौजपुर तक कॉरिडोर बनेंगे।
मगर इसमें से महज चार नए कॉरिडोर होंगे, जिन पर नौ कोच वाली मेट्रो चल पाएगी। दरअसल, फेज तीन में बनी दो लाइनों का विस्तार होगा, जिन पर छह कोच की ट्रेन चलेगी। इससे उस पर नौ कोच वाली ट्रेन चलाना संभव नहीं है।