लॉकडाउन के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए डीएमआरसी ने एक विशेष सुविधा की शुरुआत की है। डीएमआरसी ने पुलिस कर्मियों की सुविधा के लिए स्पेशल मेट्रो ट्रेन की शुरुआत की है। यह विशेष ट्रेन 31 मार्च तक चलेगी। पुलिसकर्मियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दो ट्रेनें सुबह और दो शाम को चल रही हैं। इस ट्रेन में आम लोग यात्रा नहीं कर पाएंगे। मेट्रो पुलिस ने डीएमआरसी के साथ मिलकर यह पहल की है।
मेट्रो पुलिस उपायुक्त मंजीत ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान पुलिसकर्मी लगातार राजधानी में ड्यूटी कर रहे हैं। पुलिसकर्मी दिल्ली के अलावा दूसरे राज्यों से आकर राजधानी में अपनी सेवा दे रहे हैं। ट्रांसपोर्ट के साधन बंद होने की वजह से उन्हें ड्यूटी पर जाने और घर लौटने में परेशानी हो रही थी।
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि मेट्रो में यात्रा करने वाले पुलिसकर्मियों को यात्रा के दौरान कुछ नियम का पालन करना होगा। इसके तहत यात्रा के दौरान पुलिसकर्मी को वर्दी पहनना होगा। साथ ही स्टेशन पर अपना पहचान पत्र दिखाना होगा। उसके बाद ही उन्हें हथियार लेकर मेट्रो में जाने की अनुमति होगी। पुलिसकर्मी के लिए मेट्रो ट्रेन का विशेष परिचालन होने की जानकारी सभी थाना पुलिस को दे दी गई है।