दिल्ली-मेरठ ट्रैक पर जल्द ही इलेक्ट्रिक ट्रेनें दौड़ाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। रेलवे दीपावली तक इस रूट पर ट्रायल रन कराने की तैयारी करा रहा है।
इस रूट पर ट्रेनों के संचालन के लिए रेलवे मोदीनगर में ओएचई डिपो बनाएगा। रेलवे की अंबाला स्थित विद्युतीकरण डिवीजन ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। चार महीने में यह डिपो बनकर तैयार हो जाएगा।
रेलवे ने दिल्ली-मेरठ रूट पर इलेक्ट्रिक पोल लगाने और ओएचई वायर लगाने का काम करीब एक साल पहले पूरा कर लिया है। मोदीनगर में रेलवे के लिए अलग विद्युत सब-स्टेशन भी बनाया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मोदीनगर में ओएचई डिपो बनाने का काम पहले ही शुरू कर दिया गया है। अधूरे पड़े इस कार्य को पूरा करने के लिए फिर से टेंडर कॉल किए गए हैं। 20 अक्तूबर को टेंडर खोले जाएंगे।
अधूरा पड़ा काम चार महीने में पूरा करा लिया जाएगा। रेलवे की विद्युतीकरण डिवीजन के अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनों के ट्रायल के लिए प्रस्ताव मुख्यालय भी भेजा गया है।
वहां से अनुमति मिलने के बाद ही ट्रायल रन कराया जाएगा। मोदीनगर स्टेशन अधीक्षक आरके शर्मा की मानें तो दीपावली से मेरठ व दिल्ली के बीच ईएमयू ट्रेन का संचालन शुरू हो सकता है।
ईएमयू का संचालन शुरू होने से दैनिक यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। इएमयू संचालन के बाद दिल्ली और मेरठ के बीच यातायात सुगम हो जाएगा और हजारों दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।