देश की राजधानी दिल्ली में प्रतिबंध होने के बावजूद जमकर आतिशबाजी हुई। दिल्ली के साउथ एक्सटेंशन इलाके में लोग पटाखे जलाते हुए कैमरे में कैद हो गए। पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में लोगों ने दिवाली पर जमकर पटाखे जलाए। इस दौरान पुलिस की सख्ती नहीं दिखाई दी। शाहदरा और दिलशाद गार्डन के इलाके में भी लोगोंने आतिशबादी की।
पटाखों के प्रदूषण की वजह से कॉलोनियों में धुएं की चादर पसर गई। सड़कों से लेकर कॉलोनियों में पटाखों की अवैध बिक्री व उपयोग किया गया। ग्रीन पटाखों की जगह प्रदूषण फैलाने वाले अधिक पटाखों का प्रयोग हुआ। जिसके बाद दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया है।
आपको बता दें कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने दिल्ली-एनसीआर में 30 नवंबर तक सभी तरह के पटाखों की बिक्री या उपयोग के खिलाफ प्रतिबंध लगा रखा है।
दिल्ली में रात 10 बजे का एक्यूआई 454 था। जबकि शनिवार शाम को फरीदाबाद का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 378, गाजियाबाद का 456, ग्रेटर नोएडा का 394 और गुरुग्राम का 358 दर्ज किया गया था।