ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर ईद की नमाज के मद्देनजर सोमवार को सुबह सात बजे से दोपहर 11 बजे तक शहर में कई स्थानों पर रूट डायवर्जन रहेगा। लिहाजा रूट डायवर्जन देखकर घर से निकलें, ताकि गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।
आवागमन के लिए जीटी रोड की बजाय अंबेडकर रोड का इस्तेमाल करें। पुराना बस अड्डे से संजय गीता चौके होते हुए एनएच-58 से गंतव्य को जाएं। एएलटी फ्लाईओवर और राजनगर एक्सटेंशन रोड का इस्तेमाल करें।
रूट डायवर्जन से बचने के लिए लालकुआं की ओर से शहर की ओर आ रहे हैं तो साजन मोड़ से डायमंड फ्लाईओवर होते जाएं। जीटी रोड पर चौधरी मोड़ से आगे घंटाघर की तरफ वाहन नहीं जाने दिए जाएंगे।
लिहाजा पुराना बस अड्डा की ओर से निकलें। इसी तरह हापुड़ तिराहे से घंटाघर की ओर किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। उन्हें भी पुराने बस अड्डे की तरफ से निकलना पड़ेगा। मेरठ तिराहे से सभी भारी वाहनों को पटेलनगर तिराहे से डायवर्ट कर संजय-गीता चौक से निकाला जाएगा।
कुछ प्रमुख ईदगाह और मसजिदों में बकरीद की नमाज का वक्त
पीरवाला मदरसाः सुबह 6:35 बजे
दिल्ली गेट बड़ी मस्जिदः सुबह 6:45 बजे
सेक्टर-23 संजयनगरः सुबह 8:30 बजे
विजयनगर ईदगाहः सुबह 8:30 बजे
कुरैशी मार्केट मस्जिदः सुबह 8:45 बजे
ईदगाह इस्लामनगरः सुबह 8:45 बजे
सरायनजर अलीः सुबह 9:00 बजे
मरकज मस्जिद कैलाभट्ठाः सुबह 9:00 बजे
बकरीद: कड़ी चौकसी
एसएसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बकरीद पर चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। कड़ी चौकसी रहेगी। सादे कपड़ों में 100 से ज्यादा पुलिसवाले लगाए गए हैं। संदिग्ध लोगों की निगरानी की जा रही है। खुफिया विभाग को भी अलर्ट किया गया है।