आप सोमवार को दिल्ली, नोएडा स्थित दफ्तर जाने के लिए निकल रहे हैं तो जरा संभलकर ही निकलें। सावन का सोमवार, सप्ताह का पहला दिन और शिवरात्रि से एक दिन पूर्व डाक कांवड़ के आगमन के चलते जाम झेलना पड़ेगा।
पुलिस के पास डायवर्जन का कोई व्यवस्थित प्लान नहीं होने से सोमवार को जाम लगने के पूरे आसार हैं। साथ ही रविवार रात 12 बजे से कांवड़ियों की सहूलियतों के लिए शहर में डायवर्जन किया जाएगा। सभी सड़कों के वाहनों को डायवर्ट किए जाने से एनएच-9 पर जबरदस्त जाम लगा रहा है।
पुलिस का कहना है कि डाक कांवड़ तेज गति से निकलने के चलते वाहनों को रोककर निकाल पाना मुश्किल है। इसलिए जीटी रोड पर टेंपो और ई-रिक्शा को भी बंद किया जाएगा। ऐसे में दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद जाने वालों को मेट्रो राहत दे सकती है।
29 जुलाई को सावन का सोमवार और सप्ताह का पहला दिन होने के कारण सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ेगा। शिवरात्रि से एक दिन पूर्व हरिद्वार से डाक कांवड़ आनी शुरू हो गई है। जीटी रोड पर घंटाघर से हापुड़ मोड़ की ओर वाहनों को नहीं आने दिया जाएगा। साथ ही एनएच-58 से जीटी रोड पर डाक कांवड़ियों को निकाला जाएगा।
इससे आम लोग अपने वाहनों से एनएच-9 होकर दिल्ली, नोएडा, गुड़गांव, हापुड़, मेरठ, मुरादाबाद की ओर जा सकेंगे। एसपी ट्रैफिक एसएन सिंह ने बताया कि सावन के सोमवार पर दूधेश्वरनाथ मंदिर के पास रूट डायवर्जन रहेगा। सप्ताह का पहला दिन होने पर आफिस आने-जाने वालों की भीड़ अधिक होगी। डाक कांवड़ की गति काफी तेज होती है।
डाक कांवड़ को रोककर बीच में वाहनों को गुजारना संभव नहीं है। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, मेरठ, हापुड़ की ओर आने और जाने वाले वाहन चालक एनएच-9 से होकर ही गंतव्य को जा सकेंगे।