सेंसिटिव और ड्रग रेसिस्टेंट दोनों तरह के टीबी मरीजों को मिलेगा उपचार
नई दिल्ली। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूनल कार्यक्रम के तहत दिल्ली सरकार नजफगढ़ के ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र में जिला टीबी केंद्र/चेस्ट क्लीनिक स्थापित करेगी। केंद्र की आईपीडी में 10 बेड की सुविधा होगी। यहां ड्रग सेंसिटिव और ड्रग रेसिस्टेंट दोनों तरह के टीबी मरीजों को उपचार मिलेगा। इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान में कई टीबी मरीजों को विशेष सेवाओं के लिए जाफरपुर स्थित आरटीआरएम अस्पताल तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। नए केंद्र से उन्हें राहत मिलेगी।
टीबी के 3760 मरीजों की हुई पहचान
दिल्ली सरकार ने टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 के तहत 24 मार्च से नौ अप्रैल के बीच 15 दिनों में 432 आयुष्मान आरोग्य शिविर लगाए। इनमें 38,800 से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई और 3760 टीबी मरीजों की पहचान की गई। इस अभियान में 42 निक्षय मित्र पंजीकृत हुए और 40 जन-प्रतिनिधियों (विधायक, सांसद और पार्षद) की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित हुई।