खोड़ा नगर पालिका के ईओ केके भड़ाना और बैठक लेते डीएम
- फोटो : अमर उजाला
सरकार की प्राथमिकता वाले गो संरक्षण जैसे मुद्दे पर आयोजित समीक्षा बैठक में अधिशासी अधिकारी (ईओ) को मुस्कुराना भारी पड़ गया। डीएम को उनकी मुस्कुराहट पसंद नहीं आई और उन्होंने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए ईओ को भरी बैठक से बाहर निकाल दिया।
डीएम का गुस्सा इतने पर भी शांत नहीं हुआ। उन्होंने ईओ के नगर पालिका क्षेत्र में गो संरक्षण के लिए कराए गए कार्यों की जांच भी बैठा दी।
बृहस्पतिवार को डीएम अजय शंकर पांडेय नगर निगम समेत सभी नगर पालिकाओं और अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ गो संरक्षण के मुद्दे पर बैठक कर रहे थे।
बैठक में जनवरी 2020 तक जनपद को छुट्टा पशु मुक्त बनाने की योजना पर अधिकारी मंथन कर रहे थे। इसको लेकर नगर पालिका वार समीक्षा हो रही थी। इस दौरान खोड़ा नगर पालिका के ईओ केके भड़ाना अपने बराबर में बैठे अधिकारी से बात करने में व्यस्त थे। वह अधिकारी के कान में कुछ कहकर बार-बार मुस्कुरा रहे थे।
सूत्रों का कहना है कि यह सिलसिला करीब 10 मिनट तक चलता रहा। ईओ उनके कान में कुछ कहने का प्रयास करते और फिर स्वयं ही मुस्कुराना शुरू कर देते। डीएम इस बात को लगातार नोटिस कर रहे थे। ऐसे में जब खोड़ा नगर पालिका की समीक्षा का नंबर आया तो ईओ भड़ाना मामले को समझ नहीं पाए और हड़बड़ा गए। इस पर डीएम भड़क गए। उन्होंने ईओ को खड़ा करके जमकर फटकार लगाई और फिर मीटिंग से बाहर निकाल दिया।