फिल्म पद्मावत के विरोध में स्कूली बस पर पथराव और रोडवेज की बस में आग लगाने के मामले में करणी सेना के जिलाध्यक्ष ठाकुर कुशलपाल को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
वहीं, मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ रवींद्र कुमार ने बताया कि डीसीपी साउथ अशोक बख्शी के नेतृत्व में एसआईटी इसकी जांच करेगी।
उन्होंने कहा कि एसआईटी ने इस मामले में पूछताछ के लिए कुशलपाल को हिरासत में लिया है। बुधवार को उपद्रवियों ने स्कूली बस में तोड़फोड़ और रोडवेज बस पर पेट्रोल बम फेंककर आग लगा दी थी।
वहीं, पुलिस ने शहर में अलग-अलग स्थानों पर उत्पात मचाने के आरोप में अब तक 42 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें करणी सेना के महासचिव सूरजपाल अम्मू भी शामिल हैं।
आरोपियों को अदालत ने जेल भेज दिया है। शनिवार को भोंडसी थाना पुलिस ने अम्मू को प्रोडक्शन वारंट पर लेने के लिए सोहना अदालत में अर्जी दाखिल की। इस पर अदालत ने सोमवार को अम्मू को पेश करने के आदेश दिए हैं।