-सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के बिरोंडी गांव में डैफोडिल पब्लिक स्कूल का मामला
-मालिक पर गेट की वेल्डिंग करवाकर बंद करने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के बिरोंडी गांव में सोमवार को डैफोडिल पब्लिक स्कूल की जमीन को लेकर संचालक व मालिक के बीच विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। आरोप है कि मालिक ने जबरन स्कूल के गेट को वेल्डिंग कराकर बंद करा दिया था। पुलिस ने स्कूल संचालक की शिकायत पर मालिक किरनपाल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी किरनपाल ने किराया नहीं देने का आरोप लगाया है। अगर ऐसा है तो उनको कोर्ट जाना होगा।
कैमरे तोड़ने का आरोप
स्कूल संचालक ओमपाल भाटी ने बताया कि नौ साल से वो स्कूल का संचालन कर रहे हैं। सोमवार को अभिभावकों को परिणाम देने के लिए बुलाया गया था। छह बजे स्कूल में सुरक्षाकर्मी पहुंचे तो देखा कि मकान मालिक ने पीछे से रास्ता बनाकर स्कूल का गेट बंद कर दिया और 10 से अधिक लोगों को स्कूल परिसर में बैठा दिया है। उन्होंने कैमरे तोड़ने का भी आरोप लगाया है। इसके बाद संचालक ने 112 को सूचना दी। स्कूल संचालक की शिकायत पर केस दर्ज कर किरनपाल समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।