पकड़े गए आरोपी की पहचान नीरज (21) और 17 साल के दो नाबालिगों के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि 16 अगस्त को आरोपियों को अतुल से विवाद हुआ था। इसका बदला लेने के लिए उस पर हमला किया गया।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि बुधवार रात नंद नगरी थाना पुलिस को खबर मिली कि गली नंबर-10, सुंदर नगरी में एक युवक को चाकू मार कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पीड़ित को अस्पताल ले जाया जा चुका था। वहां जाकर उसका बयान लिया गया।
छानबीन में पता चला कि अतुल 16 अगस्त को पतंग उड़ा रहा था। इस बीच उसका नीरज व बाकी दोनों नाबालिगों से झगड़ा हो गया। उस दिन तो किसी तरह बीच-बचाव हो गया। लेकिन आरोपी हमला करने की फिराक में घूमते रहे। बुधवार को अतुल अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठा हुआ था। इस बीच आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।
जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। वारदात के दो ही घंटे बाद आरोपियों को दबोच लिया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। वारदात में इस्तेमाल बाकी चाकू को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।