आर्थिक अपराध शाखा ने फ्लैट देने के नाम पर 87 लोगों से करीब 30 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट के निदेशक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजीव ढींगरा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2017 में करीब 87 लोगों ने आर्थिक अपराध शाखा में ढींगरा जारडाइन इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में लोगों ने आरोप लगाया कि उन लोगों ने वर्ष 2006 में फरीदाबाद में शुरू हुई हाउसिंग सोसायटी में अपना फ्लैट बुक करवाया था। फ्लैट को 36 महीने में तैयार करने का दावा किया गया था, लेकिन करीब दस साल बीत जाने के बावजूद निवेशकों को फ्लैट नहीं मिल पाया। इसकी एवज में कंपनी ने निवेशकों से मोटी रकम ऐंठ ली।
पुलिस ने शिकायतों पर मामले की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि कंपनी ने फरीदाबाद के सेक्टर-80 में कैलिफोर्निया कंट्री के नाम से हाउसिंग प्रोजेक्ट शुरू किया था। इसमें कंपनी ने लोगों से तीन साल में प्रोजेक्ट पूरा होने की बात कहकर निवेश करवाया। समय अवधि बीत जाने के बाद जब लोगों ने कंपनी के निदेशक के सामने विरोध दर्ज किया, तो वह उनसे समय मांगकर मामला को टालता रहा। कंपनी ने फ्लैट बनाने की तरफ ध्यान नहीं दिया। दस साल पूरे होने के बाद निवेशकों ने आर्थिक अपराध शाखा में इसकी शिकायत कर दी।