इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा रविवार को किए गए फेरबदल के तहत प्रदेश के 22 जनपदों के जिला जजों का तबादला कर दिया गया है। स्थानांतरित होने वाले जिला जजों में तीन दिन पूर्व हाईकोर्ट के महानिबंधक बने दिनेश कुमार शर्मा (तृतीय) भी शामिल हैं, जिन्हें गाजियाबाद का जिला जज बनाया गया है। गाजियाबाद के गिरिजेश कुमार पांडेय को फैजाबाद का जिला जज बनाया गया है।
अलीगढ़ के जिला जज प्रेम कुमार सिंह को गौतमबुद्ध नगर जिला जज बनाया गया है। महानिबंधक दिनेश कुमार शर्मा की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक सहारनपुर के जिला जज अजय कुमार श्रीवास्तव (प्रथम) को आगरा, अंबेडकर नगर के अशोक कुमार सिंह(तृतीय) को मथुरा व सदस्य प्रशासनिक अधिकरण (द्वितीय व तृतीय), लखनऊ अलका श्रीवास्तव को शामली का जिला जज बनाया गया है।