संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के खानपुर, देवली और संगम विहार में सड़क और सीवर से जुड़े काम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। कई जगह दो से तीन महीने पहले सीवर लाइन डालकर सड़कें खोदी गई थीं, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हुआ है। बारिश के बाद अधूरी सड़कों और खुले गड्ढों में पानी भरने से लोगों की मुश्किल और बढ़ गई हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को रास्ते का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे हादसे का खतरा भी बना रहता है। संगम विहार में भी कई गलियों में सड़क और सीवर का काम अधूरा पड़ा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, काम शुरू होने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि जल्द सुविधा मिलेगी, लेकिन महीनों बीतने के बाद भी सड़कें पहले जैसी नहीं हो पाई हैं। वहीं, कुछ दुकानदारों ने बताया कि खराब रास्तों के कारण ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से अधूरे काम जल्द पूरा कराने और खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है।