पूर्वी दिल्ली। यमुना विहार इलाके में मेट्रो लाइन के नीचे कबीर नगर पुलिया के पास की सड़क कई महीनों से जर्जर हालत में है। सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क को अब तक पूरी तरह ठीक नहीं किया गया। गड्ढों और उखड़ी सतह से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। सड़क से उड़ती धूल लोगों और दुकानदारों के लिए भी मुसीबत बनी है।
यह मार्ग वजीराबाद रोड और लोनी रोड को जीटी रोड से जोड़ता है, जो मौजपुर व जाफराबाद होते हुए सीलमपुर की तरफ जाता है। दिनभर वाहनों का दबाव रहता है। खराब सड़क से रफ्तार धीमी रहती है और जाम लग जाता है। दोपहिया चालकों के लिए हादसे का खतरा बना है।
लोगों का कहना है कि सीवर लाइन का काम पूरा होने के बाद मरम्मत की उम्मीद थी, लेकिन कई महीने बीतने के बाद भी सुधार नहीं हुआ। लोगों ने पीडब्ल्यूडी से सड़क की जल्द मरम्मत, गड्ढे भरने और धूल रोकने की मांग की है। ब्यूरो