अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बीके दत्त कॉलोनी में बदहाल पड़े पार्क को नई पहचान मिल गई है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने नजफ खान मकबरे के पास स्थित पार्क का विकास और सौंदर्यीकरण कर इसे ‘एक पेड़ मां के नाम’ पार्क के रूप में तैयार किया है। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने रविवार को पार्क का लोकार्पण कर इसे स्थानीय निवासियों को समर्पित किया। पार्क की दीवारों पर लाल कोटा स्टोन लगाया गया है, जिससे इसका स्वरूप पास में स्थित ऐतिहासिक नजफ खान मकबरे से मेल खाता है।
पार्क पहले खराब स्थिति में था और इसका उचित रखरखाव नहीं हो रहा था। एनडीएमसी ने पार्क को अपने अधीन लेकर इसके विकास की जिम्मेदारी उठाई। इसके तहत सिविल कार्य कराने के साथ रेलिंग लगाई गई, बाउंड्री वॉल की मरम्मत, रंगाई-पुताई, पार्क के गेट का निर्माण और दीवारों पर लाल कोटा स्टोन लगाने का काम कराया गया। अब पार्क को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने के साथ स्थानीय लोगों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराने की पहल की गई है।
पौधों पर लगेंगे क्यूआर कोड
पार्क में पीपल, आंवला, चीकू, नींबू, अमरूद और बेलपत्र सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। एनडीएमसी की योजना प्रत्येक पौधे पर क्यूआर कोड लगाने की है। इसे स्कैन करने पर पौधे की प्रजाति, पौधारोपण की तारीख और पौधा लगाने वाले व्यक्ति का नाम सहित अन्य जानकारी मिल सकेगी।