वायु गुणवत्ता सूचकांक के निजी और सरकारी ऐप के डाटा में फर्क
- फोटो : स्क्रीनशॉट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में वायु प्रदूषण की स्थिति गंभीर बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक बुधवार को लगातार पांचवें दिन वायु प्रदूषण 'बेहद खराब' श्रेणी में रहा। वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक के निजी और सरकारी ऐप के डाटा में फर्क से लोगों में भ्रम पैदा हो रहा है। एक निजी वायु गुणवत्ता सूचकांक वेबसाइट aqicn.org के मुताबिक बुधवार को सबसे ज्यादा गाजियाबाद की वायु गुणवत्ता खराब रही। इस वेबसाइट के मुताबिक गाजियाबाद के इंदिरापुरम में दोपहर तीन बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 999 दर्ज किया गया। जबकि वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मोबाइल एप "समीर" के अनुसार दोपहर चार बजे गाजियाबाद वायु गुणवत्ता सूचकांक 389 दर्ज किया गया।
वहीं अगर बात करें दिल्ली की तो aqicn.org के मुताबिक रात 8 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 742 दर्ज किया गया जबकि एक और अन्य सरकारी वायु गुणवत्ता सूचकांक वेबसाइट सफर की बात करें तो वहां पर यह आंकड़ा 319 है। इस बीच सवाल यह उठता है कि आखिर सरकारी और निजी संस्थान के आंकड़ों में यह अंतर क्यों है? इस सवाल का जवाब यह है कि सरकारी संस्थानएं जो सूचकांक जारी करती हैं उनका स्तर 500 से अधिक नहीं होता है जबकि निजी संस्थाएं अपना आंकड़ा 1000 तक के स्तर पर जारी करती हैं।
वायु गुणवत्ता सूचकांक क्या बताता है
वायु गुणवत्ता सूचकांक हवा की गुणवत्ता को बताता है। यह बताता है कि हवा में किन गैसों की कितनी मात्रा घुली हुई है। हवा की गुणवत्ता के आधार पर इस इंडेक्स में छह श्रेणियां होती हैं। जैसे अच्छी, संतोषजनक, थोड़ा प्रदूषित, खराब, बहुत खराब और गंभीर। जैसे जैसे हवा की गुणवत्ता खराब होती जाती है वैसे ही रैंकिंग अच्छी से खराब और फिर गंभीर की श्रेणी में आती जाती है।
सफर पर केवल चार शहरों का ही डाटा होता है जारी
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु गुणवत्ता निगरानी एजेंसी सफर पर केवल चार शहरों के वायु प्रदूषण सूचकांक का आंकड़ा जारी किया जाता है। इनमें दिल्ली, अहमदाबाद, पुणे और मुंबई है।
समीर पर 114 शहरों के वायु प्रदूषण की जानकारी होती है मुहैया
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मोबाइल एप "समीर" पर देश के 114 शहरों के वायु प्रदूषण सूचकांक का डाटा उपलब्ध होता है। वहीं aqicn.org की बात करें तो इस वेबसाइट पर आपको दुनियाभर के शहरों के वायु प्रदूषण सूचकांक की जानकारी मिल जाएगी।