कोरोना से मौत के बाद अंतिम संस्कार करते सरकारी कर्मचारी
- फोटो : PTI
कोरोना संक्रमण की वजह से मरने वालों की संख्या को लेकर एक बार फिर दिल्ली सरकार और नगर निगम आमने सामने आए हैं। इससे पहले भी दोनों के आंकड़ों में काफी अंतर देखने को मिल चुका है। अब एक बार फिर बीते पांच अक्तूबर की स्थिति अलग मिली है।
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार पांच अक्तूबर तक राजधानी में 5542 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि उतरी, दक्षिणी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के अनुसार यह आंकड़ा 6437 है। करीब 895 मौतों के बारे में दिल्ली सरकार के पास जानकारी नहीं है। पांच अक्तूबर तक उतरी क्षेत्र में 2244, दक्षिणी निगम क्षेत्र में 3518 और पूर्वी दिल्ली निगम इलाके में 675 लोगों की कोरोना वायरस के चलते मौत हो चुकी है।
इससे पहले भी मौत के आंकड़ों में अंतर देखने को मिल चुका है। जब दिल्ली सरकार के बुलेटिन, अस्पताल और निगम बोध घाट पर स्थिति कुछ और बयां हो रही थी। हालांकि उस वक्त भी दिल्ली सरकार ने डेथ ऑडिट कमेटी का गठन करने और देरी से जानकारी मिलने की बात कही थी लेकिन फिर से आंकड़ों में आए अंतर पर सरकार ने कोई जबाव नहीं दिया है।
वहीं दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के ही एक अधिकारी का कहना है कि राजधानी में इस समय अन्य राज्यों से भी संक्रमित मरीज उपचार कराने आ रहे हैं। ऐसे में इन मरीजों की जानकारी दिल्ली वालों के साथ रखना उचित नहीं है। हालांकि बुलेटिन में बाहरी राज्य और दिल्ली दोनों विकल्प शामिल नहीं किए जाने पर उन्होंने जानकारी नहीं दी।