एनएच-58 पर राजनगर एक्सटेंशन के पास शुक्रवार शाम एक एंबुलेंस धूं धूं कर जल उठी। कुछ लोग एंबुलेंस से शव लेकर दिल्ली से रामपुर जा रहे थे। आग लगते ही उसमें सवार लोग शव लेकर उतर गए।
फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, राजस्थान में प्रमोद नामक व्यक्ति एक्सीडेंट हो गया था। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी।
प्रमोद रामपुर के रहने वाले थे। शुक्रवार को अंतिम संस्कार के लिए परिजन शव को एंबुलेंस से लेकर रामपुर जा रहे थे। एनएच-58 पर राजनगर एक्सटेंशन के पास नंदी पार्क के सामने एंबुलेंस में आग लग गई।
गनीमत रही कि एंबुलेंस के ड्राइवर को जल्द ही इसका पता चल गया और उसने एंबुलेंस रोक दी। एंबुलेंस से प्रमोद के शव को मशक्कत कर बाहर निकाला गया।
एंबुलेंस में ड्राइवर समेत छह लोग थे, जो एंबुलेंस में आग लगने पर उसमें से समय रहते बच निकले। सूचना पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।