हाल ही में प्रदेश भर में 2197 सब इंस्पेक्टरों को पदोन्नत कर इंस्पेक्टर बनाया गया था, लेकिन प्रमोशन के बावजूद अधिकांश को ठोस जिम्मेदारी नहीं मिल पा रही थी। कई इंस्पेक्टरों को तो चौकी पर तैनात किया गया था।
इसके विपरीत कई उपनिरीक्षकों को उनके ऊपर थाना प्रभारी व एसएसआई नियुक्त किया गया था। इसके चलते वह मायूस नजर आ रहे थे और कई बार दबी जुबान में अपनी पीड़ा बयां करते थे।
गौतमबुद्धनगर में भी इंस्पेक्टर बनने वाले अधिकारियों की पीड़ा की सुगबुगाहट सुनाई देने लगी थी। अब इन मायूस नए इंस्पेक्टरों को भी जिम्मेदारी मिलेगी।
रिपोर्ट के बाद होगी तैनाती
राहुल श्रीवास्तव, पीआरओ, डीजीपी ने बताया कि, बैठक में प्रदेश के हर थाने में दो एडिशनल एसएचओ की तैनाती पर चर्चा हुई। एडीजी-टेक्निकल के नेतृत्व में डीजीपी ने छह सदस्यों की समिति का गठन किया है, जो इस प्रक्रिया को लेकर 15 दिन में रिपोर्ट देगी। अगर रिपोर्ट सकारात्मक मिलती है, तो प्रदेश भर के थानों में एक एसएचओ (कानून व्यवस्था) और दूसरे एसएचओ (अपराध) की तैनाती कर दी जाएगी।