कालका जी, झंडेवाला, छत्तरपुर, गुफा मंदिर में लगी भक्तों की कतार
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। चैत्र नवरात्र की अष्टमी पर राजधानी के कालका जी, झंडेवाला, छत्तरपुर व गुफा मंदिर में मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर मंदिर को भव्य रूप दिया गया और मां का विशेष शृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, महागौरी श्वेत वर्ण की प्रतीक मानी जातीं हैं। उनका स्वरूप पवित्रता, शांति और सौम्यता का संदेश देता है। चार भुजाओं वाली मां को सुख-समृद्धि प्रदान करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। अष्टमी पर श्रद्धालुओं ने विशेष व्रत रखकर मां की पूजा की और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना। मां के दर्शन करने के लिए इस दाैरान मंदिरों में भक्तों की कतार लगी रही।
रातभर खुले रहे मंदिर
अष्टमी पर मंदिरों को दर्शन के लिए रातभर खुला रखा गया। झंडेवाला मंदिर में रात 9 बजे से जागरण का आयोजन किया गया। इसमें कलाकारों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। जागरण के समापन के बाद प्रात: कन्या पूजन और आरती हुई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया।