अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली ने इमरजेंसी मेडिसिन से जुड़े फैकल्टी पदों के नामों में बदलाव किया है। अब असिस्टेंट प्रोफेसर ऑफ सर्जरी (इमरजेंसी मेडिसिन) और असिस्टेंट प्रोफेसर ऑफ ऑर्थोपेडिक्स (इमरजेंसी मेडिसिन), दोनों पद असिस्टेंट प्रोफेसर ऑफ इमरजेंसी मेडिसिन के नाम से जाने जाएंगे। एम्स की फैकल्टी सेल के प्रशासनिक अधिकारी राज कुमार भारद्वाज के अनुसार, इन पदों के नाम बदलने के लिए संस्थान की एकेडमिक कमेटी और गवर्निंग बॉडी ने मंजूरी दे दी है। हालांकि, इन पदों पर नियुक्ति के लिए पहले से तय भर्ती नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
एम्स के प्रशासनिक अधिकारी के अनुसार, यह फैसला 15 जुलाई 2024 को हुई एकेडमिक कमेटी की बैठक और 12 सितंबर, 2025 को हुई गवर्निंग बॉडी की 163वीं बैठक में मंजूर प्रस्ताव के आधार पर लिया गया है। एम्स प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पदों के नाम में बदलाव केवल प्रशासनिक और विभागीय पहचान को बेहतर बनाने के लिए किया गया है।