लाजपत नगर स्थित अमर कॉलोनी में अवैध निर्माण चलते सील हो चुकी एक दुकान सोमवार की सुबह डीसील करना पड़ा। दरअसल दुकान में बिल्ली का बच्चा फंसा हुआ था और उसे निकालने के लिए दक्षिण दिल्ली नगर निगम ने दुकान को डीसील कर दिया, लेकिन बच्चा निकालने के बाद नगर निगम ने दोबारा दुकान सील कर दी।
अमर कालोनी में बिल्ली का बच्चा फंसने की घटना मार्केट के प्रधान विजय तनेजा की दुकान में हुई। यहां करीब चार सौ दुकान सील है और इस कारण उनके मालिक परेशान है। कुछ दुकानदार रात को अपनी दुकानों के बाहर घूमते रहते हैं।
सोमवार तडक़े सुबह दो बजे घूम रहे दुकानदारों को दुकान के अंदर बिल्ली के बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। इस बारे में दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी, मगर पुलिस बिल्ली के बच्चे को बाहर नहीं निकाल सकी।
इसी बीच स्थानीय पार्षद अभिषेक दत्त ने नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क साधा और उन्होंने कुछ देर के लिए दुकान को डीसील कर दिया और बिल्ली का बच्चा बाहर निकालकर दुकान दोबारा सील कर दी।
इसके बाद दुकानदारों ने बिल्ली के बच्चे को उसकी मां के पास पहुंचा दिया। नगर निगम के अधिकारियप्तों का कहना है कि ऐसे मामलों में दुकान को डीसील किया जा सकता है।