दस दिन पहले संदिग्ध हालत में गायब हुए नगर निगम डिप्टी मेयर का बेटा पुलिस ने ढूंढ निकाला। पुलिस जांच में किशोर ने बताया कि वह खुद ही घर छोड़कर गया था। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
15 अक्तूबर को निगम के डिप्टी मेयर परमिंदर कटारिया का 17 वर्षीय बेटा अमित घर से ट्यूशन के लिए निकलने के बाद वापिस नहीं लौटा। कटारिया के पूछताछ करने पर पता चला कि किशोर ट्यूशन के लिए आया ही नहीं।
डिप्टी मेयर के बेटे के संदिग्ध हालत में गायब होने के बाद पुलिस ने भी केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी । लेकिन एक हफ्ते बाद भी पुलिस के हाथ खाली होने से तरह-तरह की अफवाहें उड़ाई जा रही थी।
हालांकि, डिप्टी मेयर ने पहले ही दिन से उसके बेटे के अपहरण की अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया था। शनिवार को डिप्टी मेयर के बेटे की बरामदगी के बाद डीसीपी वेस्ट संगीता रानी ने बताया कि किशोर पूरी योजना के साथ घर से साढ़े तीन लाख रुपये कैश लेकर निकला था।
वह अपना मोबाइल भी घर पर छोड़कर गया था। पुलिस के मुताबिक, वह 23 अक्तूबर तक गुड़गांव के एक निजी होटल में रुका, इसके बाद वह देहरादून चला गया। पुलिस ने मजिस्ट्रेट के सामने किशोर का बयान दर्ज कराया है।