आज मोदी सरकार द्वारा की गई नोटबंदी को दो साल हो गए हैं। इस मौके पर हर कोई यह गुणा भाग करने में लगा है कि आखिर मोदी सरकार ने नोटबंदी जैसा जो बड़ा कदम उठाया उससे देश को कितना फायदा और कितना नुकसान हुआ। इसी बीच पीएम मोदी से छत्तीस का आंकड़ा रखने वाले दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी नोटबंदी के लिए उन पर निशाना साधा है।
नोटबंदी के दो साल होने पर केजरीवाल ने एक ट्वीट कर मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए इसे अर्थव्यवस्था के लिए आघात बताया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'हालांकि मोदी सरकार में हुए आर्थिक घोटालों की फेहरिस्त अंतहीन है, लेकिन नोटबंदी भारत की अर्थव्यवस्था के लिए खुद दिया हुआ एक गहरा घाव है जो दो साल बाद भी रहस्य बना हुआ है और जिसने देश को आर्थिक संकट की ओर धकेल दिया।'
बता दें कि 8 नवंबर 2016 के दिन रात 8 बजे टीवी के माध्यम से पीएम मोदी ने पूरे देश को संबोधित किया था और 500 व 1000 की नोट की नोटबंदी का ऐलान कर दिया था। जिसके बाद पूरा देश एटीएम की लाइनों के बाहर खड़ा दिखाई देता था। देश के लिए नोटबंदी किसी सदमे से कम नहीं थी।
नोटबंदी की घोषणा के वक्त कहा गया था कि यह काला धन खत्म करने, आतंकवाद से लड़ने और नकली नोटों का खात्मा करने के लिए की जा रही है। लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया इसका उद्देश्य भी बदलता गया। केजरीवाल ने शुरुआत से ही नोटबंदी को एक बड़ा घोटाला करार दिया है।