नई दिल्ली। युवा कांग्रेस ने अग्निपथ योजना को पूरी तरह वापस लेने की मांग की है। संगठन ने कहा कि सरकार ने अग्निवीरों की सेवा दो साल बढ़ाने और उन्हें सेना में पक्की नौकरी पाने का एक और मौका देने का फैसला किया है, लेकिन इससे युवाओं की चिंता दूर नहीं होगी। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को पक्की नौकरी और सुरक्षित भविष्य मिलना चाहिए। संगठन ने पेंशन और लंबे समय तक नौकरी की भी गारंटी मांगी है।
केंद्र सरकार ने चार नवंबर को अग्निवीरों की सेवा से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। इसके तहत चार साल की सेवा पूरी करने वाले 25 फीसदी अग्निवीरों को योग्यता के आधार पर सेना में पक्की नौकरी मिलेगी। बाकी 75 फीसदी अग्निवीरों को दो साल और सेवा का मौका दिया जाएगा। इसके बाद वे तय नियमों के अनुसार पक्की नौकरी के लिए आवेदन कर सकेंगे।