-पानी का बेहतर प्रबंधन, पाइपलाइनों की नियमित सफाई और मेंटेनेंस, पुरानी और जर्जर पाइपों की मरम्मत या बदलाव और लोगों में जागरूकता बढ़ाना शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। द्वारका इलाके में पेयजल से जुड़ी समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों ने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। बोर्ड से अनुरोध किया कि वह शिकायतों को गंभीरता से लें और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करें। ऑल द्वारका रेजिडेंट फेडरेशन के सीनियर उपाध्यक्ष वकील बृजेश शर्मा ने कहा कि डीजेबी के चीफ इंजीनियर को हर संभव कदम उठाने चाहिए। इसमें पानी का बेहतर प्रबंधन, पाइपलाइनों की नियमित सफाई और मेंटेनेंस, पुरानी और जर्जर पाइपों की मरम्मत या बदलाव और लोगों में जागरूकता बढ़ाना शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि आरडब्ल्यूए, सोसायटी की मैनेजमेंट कमेटियों और स्थानीय अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है, ताकि समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों की मदद लेकर 24 घंटे स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जानी चाहिए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि साफ और सुरक्षित पानी उनकी बुनियादी जरूरत है। इसलिए इस मुद्दे पर जल्द और प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए।