दो घंटे में बिका दोगुना दूध, ऑनलाइन सामान भी हुआ आउट ऑफ स्टॉक
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। बाल गोपाल के जन्मोत्सव पर बाजार में उत्साह का माहौल रहा। भगवान श्रीकृष्ण को दूध, दही और माखन अर्पित करने की परंपरा के चलते इनकी मांग इतनी बढ़ गई कि दो घंटों में ही दुकानों का सारा माल बिक गया। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी कुछ ही देर में चीजें आउट ऑफ स्टॉक हो गईं।
दुकानदारों ने बताया कि दो दिन पहले से ही ऑर्डर आने लगे थे, इसलिए वे आम दिनों से दोगुना दूध लाए थे, फिर भी कम पड़ा। स्थानीय दूध विक्रेता जगदीश ने कहा, हम दोगुना दूध लेकर आए, लेकिन कुछ ही घंटों में सब बिक गया। मुरारी शर्मा ने बताया कि पहले से ऑर्डर होने के बावजूद लोग और दूध की डिमांड कर रहे थे। दही, माखन और पनीर की दुकानें भी खाली हो गईं।
भक्तों ने मध्य रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण जन्म होने पर दूध-दही से अभिषेक किया और माखन-मिश्री का भोग लगाकर व्रत खोला। कई जगह दही हांडी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।