संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। भुडेर क्षेत्र को अलग विधानसभा क्षेत्र घोषित करने की मांग को लेकर ग्रामीणों और युवाओं ने आंदोलन तेज कर दिया है। इसी क्रम में धतीर गांव के सचिवालय में एक महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। महापंचायत में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भुडेर क्षेत्र काफी समय से मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। यहां सड़क, स्वास्थ्य सेवाएं और उच्च शिक्षा संस्थानों की कमी के कारण विकास की गति प्रभावित हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि अलग विधानसभा बनने से स्थानीय समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकेगा और विकास कार्यों में सुधार आएगा। सभा में मौजूद लोगों ने सरकार से जल्द भुडेर को नया विधानसभा क्षेत्र घोषित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांग पर ध्यान नहीं दिया गया तो जनजागरण अभियान चलाकर आगे शांतिपूर्ण आंदोलन भी किया जाएगा।