नई दिल्ली। द्वारका इलाके में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने स्पीड लिमिट के बोर्ड लगाने की मांग की है। इस संबंध में द्वारका ट्रैफिक सर्किल के इंस्पेक्टर (टीआई) ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अधिकारी को पत्र लिखकर तीन स्थानों पर जल्द बोर्ड लगाने को कहा गया है। पत्र में बताया गया है कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 8 जून 2021 को कई सड़कों पर वाहन चलाने की अधिकतम गति तय की थी। लेकिन अब तक कई जगहों पर स्पीड लिमिट के बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। टीआई शिव कुमार ने जिन स्थानों पर बोर्ड लगाने की मांग की है, उनमें सेक्टर-21 में होटल विवांता के पास रोड नंबर-226, सेक्टर-3 में रोड नंबर-201 और डीडीए अपार्टमेंट 19-बी के पास का क्षेत्र शामिल है। इन सभी जगहों पर कार, जीप और टैक्सी के लिए अधिकतम गति 50 किलोमीटर प्रति घंटा और बड़े वाहनों के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। संवाद