प्रदेश में अघोषित पावर कट का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हो रही है। गुड़गांव में भी पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी में पावर कट ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।
इसे देखते हुए आम आदमी पार्टी ने अघोषित पावर कट पर उपभोक्ताओं को दिल्ली की तर्ज पर मुआवजा देने की मांग की है। आम आदमी पार्टी हरियाणा इकाई के मुख्य प्रवक्ता आरएस राठी ने हरियाणा विद्युत नियामक आयोग के चेयरमैन को इस मामले में पत्र लिखा है।
इसमें उन्होंने मांग की है कि प्रदेश में लगातार हो रही बड़े पैमाने पर बिजली कटौती का बिजली अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं है। वह इसके समाधान की दिशा में कुछ पहल नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली विद्युत नियामक आयोग ने उपभोक्ताओं के प्रति लापरवाही का रवैया बरत बिजली कंपनियों के खिलाफ कड़े कदम उठाएं हैं। निर्धारित समय से अधिक कट लगने व अन्य अवरोधकों पर उपभोक्ताओं को मुआवजा देने के निर्देश दिल्ली सरकार ने दिया है।