- जहांगीरपुरी थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से चार बदमाशों को दबोचा, नकदी, मोबाइल और बाइक बरामद
अमर उजाला ब्यूरोे
नई दिल्ली। जहांगीरपुरी इलाके में फ्लिपकार्ट के डिलीवरी बॉय और उसके दोस्त के साथ मारपीट कर बदमाशों ने लूटपाट की। बदमाश उनसे नकदी, मोबाइल और बाइक लूटकर भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे की मदद से बदमाशों की पहचान कर चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से पांच सौ रुपये, मोबाइल फोन और बाइक बरामद कर ली है।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान जहांगीरपुरी निवासी नवेद, हिमांशु, तुषार और शेख राहिल के रूप में हुई है। तीन बदमाशों पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि मॉडल टाउन निवासी अंकुर फ्लिपकार्ट कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता है। 12 अक्तूबर की रात वह मुकुंदपुर में रहने वाले अपने दोस्त जोगिंदर से मिलने आया था। वहां से देर रात दोनों बाइक से आजादपुर जा रहे थे। इसी दौरान अंबेडकर पार्क के पास खड़े तीन चार बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और पांच सौ रुपये, मोबाइल फोन और बाइक लूटकर भाग गए। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर ली। पुलिस ने सबसे पहले नवेद को गिरफ्तार किया। बाद में उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अन्य तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि नवेद पर एक, हिमांशु पर दो, तुषार पर 13 मामले, जबकि शेख राहिल पर कोई मामला दर्ज नहीं है। बदमाशों ने बताया कि जल्द पैसा कमाने के लिए वारदात को अंजाम दिया था।