नई दिल्ली.। दिल्ली को कूड़े से आजादी अभियान के तहत सोमवार को रोहिणी सेक्टर-24 में बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाया गया। दिल्ली सरकार के इस अभियान का नेतृत्व उपमहापौर जय भगवान यादव ने किया। इस दौरान नाले से लेकर हैलीपैड तक व्यापक स्तर पर सफाई की गई। अभियान में उपायुक्त राकेश कुमार भी शामिल हुए। इस मौके पर उपमहापौर जयभगवान यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या एमसीडी की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य भी है। हम सबको मिलकर संकल्प लेना होगा कि दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाना है। जब तक हर नागरिक इसमें शामिल नहीं होगा, तब तक अभियान अधूरा रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि राजधानी को साफ-सुथरा और आकर्षक शहर बनाने के लिए एमसीडी का हर कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर रहा है। स्वच्छता सिर्फ सफाई का काम नहीं, बल्कि यह स्वस्थ जीवन और बेहतर समाज की नींव है। ब्यूरो