नरेला औद्योगिक क्षेत्र इलाके में एक युवक संदिग्ध हालात में झुलस गया। मुनक नहर के पास वह 80 फीसदी झुलसी अवस्था में मिला। उसे पास के अस्पताल में ले जाया गया। जहां से उसे लोकनायक अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित की पहचान सुनील (35) के रूप में हुई है। पीड़ित परिवार वालों ने दो युवकों पर आग लगाकर युवक को मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पीड़ित के पिता जय भगवान के अनुसार सुनील साइकिल की मरम्मत करता था। गांव के ही दो युवक उसके पास साइकिल ठीक करवाने आए थे। साइकिल ठीक होने पर सुनील ने उनसे पैसे मांगे।
युवकों ने पैसे देने से इन्कार कर दिया और गाली गलौज करने लगे। जिसका पीड़ित ने विरोध किया था। परिवार वालों का आरोप है कि आरोपी युवक उसे घर से बुलाकर नहर के पास ले गए और उसपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गांव के लोगों ने उसे जलते देख आग बुझाकर घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की जांच की है। जिसमें पीड़ित नहर की ओर अकेले जाते हुए दिख रहा है। जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है।