पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में 9 मार्च की रात को गोली मारकर रोहित (32) नामक युवक की हत्या करने के मामले में परिजन पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। मामले में कई आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्तार से दूर है।
हत्याकांड में यूपी पुलिस के एक सिपाही का नाम भी सामने आया है। नाराज गुर्जर समाज ने 16 मार्च को गाजीपुर गांव में महापंचायत के आयोजन का ऐलान किया है। आसपास के 24 गांवों के ग्रामीण महापंचायत में जुटेंगे। मामले में नावेद, यामीन और कई अन्य अभी फरार है।
वहीं, पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक ने बताया कि मामले में नाजिम और तारिक को गिरफ्तार किया जा चुका है। जहां तक यूपी पुलिस के जवान की बात है, इसकी पड़ताल की जा रही है। पकड़े जाने के बाद ही पता चल पाएगा कि उसकी कोई भूमिका थी या नहीं। परिजनों का आरोप था कि रोहित की हत्या नशे के खिलाफ आवाज उठाने पर की गई थी। वहीं, पुलिस हत्या के पीछे रुपयों के लेनदेन को कारण बता रही है।