खजूरी खास इलाके में मामूली कहासुनी में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान खजूरी निवासी सन्नी के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेजा है। इसके बाद मामला दर्ज कर तीन आरोपियों का गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है।
मामला बृहस्पतिवार देर रात का है। सन्नी अपने मौसेरे भाई के साथ घर से बाहर गया था। रास्ते में उसकी मुलाकात चचेरे भाई अनिकेत और उसके दोस्तों से हुई। बातचीत में सन्नी की अनिकेत और उसके दोस्त श्याम से कहासुनी हो गई। इसमें एक अन्य भी शामिल था। आरोप है कि इस दौरान सन्नी ने अनिकेत और श्याम को धक्का दिया। इससे तैश में आकर तीनों ने सन्नी को चाकुओं से गोद दिया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने अनिकेत, उसके दोस्त बादल व सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया। बाकी लोग मौके से फरार हो गए। अनिकेत पर झपटमारी, डकैती और आर्म्स एक्ट के 28 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नशे के लिए पैसे देने से मना करने पर स्क्रैप डीलर को चाकू से गोदा
अमन विहार इलाके में नशे के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक ने स्क्रैप डीलर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल डीलर को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी नशे का आदी है। घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पीड़ित की पहचान विजय के रूप में हुई है।
मूलत: मयारी अहिगम, बदायूं यूपी के रहने वाले विजय किराड़ी इलाके में अपने जीजा दिनेश और चचेरे भाई प्रदीप के साथ रहते हैं। वह स्क्रैप का काम करते हैं। पुलिस को दिए बयान में पीड़ित ने बताया कि 16 सितंबर को इलाके में रहने वाला नाटु नाम का युवक उसके पास आया। वह नशे के लिए पैसे की मांग करने लगा। उनके मना करने पर आरोपी ने सबक सिखाने की धमकी देकर वहां से चला गया।
अगले दिन वह अपना सामान रिक्शे में डाल रहे थे। इसी दौरान नाटु उसके पास आया और तीन सौ रुपये मांगने लगा। उसने पैसे राजेश नाम के व्यक्ति से ले लेने के लिए भी कहा। आरोपी ने राजेश को फोन भी किया, लेकिन राजेश ने उससे बात नहीं की, जिससे वह काफी गुस्से में आ गया। उसने चाकू निकाल कर उनके पेट में ताबड़तोड़ हमला कर दिया।