दिल्ली कैंट के पालम फ्लाई ओवर पर बृहस्पतिवार देर रात एक ट्रक ने बाइक सवार हवलदार को कुचल दिया। उन्हें पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान दरभंगा, बिहार निवासी सलमान अहमद के रूप में हुई है। जबकि मृत हवलदार की पहचान अमित शांतिपाल (40) के रूप में हुई है।
मूलत: गांव खातीवास झज्जर हरियाणा निवासी अमित परिवार के साथ बागडोला इलाके में रहते थे। वह दिल्ली पुलिस में बतौर हवलदार कार्यरत थे और उनकी तैनाती पश्चिम जिले में थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात करीब दो बजे पुलिस ने पालम फ्लाई ओवर के नीचे सड़क हादसे की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल पर एक क्षतिग्रस्त बाइक और एक ट्रक खड़ा देखा। पास ही ट्रक चालक सलमान अहमद मौजूद था। ट्रक चालक ने बताया कि बाइक सवार के अचानक सामने आने से हादसा हुआ है।
चालक ने बताया कि घायल बाइक सवार को पुलिस डीडीयू अस्पताल लेकर गई है। वहां पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि डॉक्टरों ने बाइक सवार को मृत घोषित कर दिया है। उनकी पहचान करने के बाद पुलिस ने उनके परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर उनके परिवार वालों के हवाले कर दिया है।