बदलते मौसम से रविवार को सफदरजंग में 1500 मीटर दृश्यता रही। जबकि पालम में इससे कम 1000 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। वेंटिलेशन इंडेक्स 3000 घनमीटर प्रति सेकंड रही। 24 घंटे के भीतर वेंटिलेशन इंडेक्स 6000 घनमीटर प्रति सेकंड रहने का अनुमान है। डिसिजन स्पोर्ट सिस्टम (डीएसएस) के मुताबिक रविवार को हवा में ट्रांसपोर्ट से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी 13.028 फीसदी, कूड़ा जलने से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी 1.208 फीसदी रही। जबकि शनिवार को पराली के धुएं की हिस्सेदारी 5.5023 फीसदी रही।
तीन इलाकों में गंभीर श्रेणी में रही हवा
सीपीसीबी के अनुसार बवाना, बुराड़ी, जहांगीरपुरी में एक्यूआई 400 के पार रहा। यह गंभीर श्रेणी में हवा है। जबकि, डीटीयू, अशोक विहार, आईटीओ समेत 27 इलाकों में हवा बेहद खराब रही। भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक, रविवार को हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से चली। इस दौरान हवा की गति 8 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। सोमवार को हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से चलने का अनुमान है। ऐसे में हवा की गति आठ से 12 किलोमीटर प्रतिघंटे से चलेगी।
सुबह छाएगी हल्की धुंध
राजधानी में सुबह व शाम ठंड का अहसास हो रहा है। लेकिन, दोपहर के समय हल्की गर्मी परेशान कर रही है। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक के साथ 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक के साथ 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा। रिज में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।