हरियाणा रोडवेज की चलती बस में मनचले युवकों को सबक सिखाने वाली रोहतक की दो बहनों को दिल्ली महिला आयोग सम्मानित करेगा। बहादुर बेटियों पूजा और आरती ने ऐसा सबक सिखाया है कि उनसे अब आम बेटियां भी प्रेरणा ले सकती हैं।
वे समाज के लिए एक मिसाल बन सकती हैं। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह ने कहा कि अब युवतियों और महिलाओं को अपने ऊपर फब्ती कसने वालों और छेड़छाड़ को सहन नहीं करना चाहिए, बल्कि उसका डटकर मुकाबला करना चाहिए।
आयोग की मंगलवार को आयोजित बैठक में फैसला लिया गया है कि जल्द ही दोनों को बहादुरी सम्मान से पुरस्कृत किया जाएगा। सम्मान समारोह में दोनों बेटियाें समेत उनके परिजनों को भी बुलाने की योजना है।