पश्चिम जिला नारकोटिक्स सेल ने हेरोइन की तस्करी करने वाले एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 48 ग्राम हेरोइन बरामद की है।गिरफ्तार आरोपी ओलिवर जेम्स घाना का रहने वाला है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गैंग में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पश्चिम जिला नारकोटिक्स सेल मादक द्रव्य की तस्करी करने वाले तस्करों पर निगरानी रख रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि तिलक नगर के ओल्ड महावीर नगर में हेरोइन की खेप की सप्लाई होने वाली है।
निरीक्षक अनुज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचना को पुख्ता किया और फिर इलाके में घेराबंदी कर दी। उसके बाद पुलिस ने वहां से जा रहे अफ्रीकी नागरिक ओलिवर जेम्स को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 48 ग्राम हेरोइन मिली। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर गैंग में शामिल अन्य तस्करों की पहचान करने में जुटी है।