उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में महिला को फोन पर तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। पति ने उस पर तेजाब फेंकने की भी धमकी दी। महिला की शिकायत पर सीलमपुर पुलिस ने आरोपी अजहर अली के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वह फरार है। पुलिस के मुताबिक, सलमा (25) (बदला नाम) परिवार के साथ न्यू सीलमपुर इलाके में रहती है। वर्ष 2015 में उसकी शादी गाजियाबाद के शालीमार गार्डन निवासी अजहर अली के साथ हुई थी।
अजहर का अपना कारोबार है। शादी के कुछ दिन बाद अजहर ने सलमा से मारपीट शुरू कर दी। वह छोटी-छोटी बातों पर उससे झगड़ा करने लगा। झगड़कर वह सलमा को उसके मायके छोड़ जाता था। वह उसके परिजनों को दूसरी शादी की धमकी भी देता था। कई बार रिश्तेदारों के दखल के बाद दोनों में सुलह हो गई थी।
आरोप है कि मार्च में झगड़े के बाद अजहर सलमा को मायके छोड़ गया था। काफी समय तक उसने संपर्क नहीं किया तो सलमा ने कॉल किया। आरोप है कि सलमा को डांटते हुए उसने तीन तलाक दे दिया और फिर तेजाब डालने की धमकी दी। अजहर अभी हाथ नहीं आया है।