राजधानी में गणतंत्र दिवस के दिन तापमान में गिरावट आ सकती है। सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश नहीं होगी। आसमान साफ रहेगा। ऐसे में कर्तव्य पथ पर होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में कोई परेशानी नहीं होगी। हल्की हवाएं चलेंगी, हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। ऐसे में अधिकतम न्यूनतम 23 और न्यूनतम तापमान 07 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। ऐसे में सर्दी कंपकपी बढ़ाएगी।
शनिवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। लोगों ने धूप का आनंद लिया। दिन में लोगों को ठंड से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान सात डिग्री के करीब रिकॉर्ड हुआ।
वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक रहा, जोकि 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं, सुबह आठ बजे तक पालम एयरपोर्ट में दृश्यता 2200 मीटर दर्ज की गई। सफदरजंग एयरपोर्ट में सुबह साढ़े सात बजे के करीब दृश्यता 2500 मीटर रही। पालम में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री रहा। जबकि आया नगर में 7.6, लोधी रोड में 8 और रिज में 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।