दिल्ली-एनसीआर में बीते सप्ताह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। तीन से चार दिन बारिश के कारण मौसम सुहावना बना रहा। मार्च के में 25-26 मार्च को अधिकतम तापमान 30.6 और न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रहता है, जबकि 27-31 मार्च तक तापमान 32 डिग्री व 18 डिग्री सेल्सियस रहता है। 16 मार्च को अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण हुई बारिश से 19 मार्च से तापमान में गिरावट होनी शुरू हुई। इसके बाद से तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
मौसम विभाग के उपमहानिदेशक डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण ही मार्च मध्य के बाद से तापमान में बढ़ोतरी नहीं हो रही है। हम ऐसा कह सकते हैं कि बीते सालों के मुकाबले में मार्च कुछ ठंडा रह सकता है, लेकिन इसकी स्पष्ट स्थिति का पता 31 मार्च तक ही चलेगा। 29 मार्च की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर दिल्ली-एनसीआर में 30 मार्च को देखने को मिलेगा। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में भी कमी आएगी। ऐसी संभावना है कि अभी जितना अधिकतम तापमान चल रहा है उससे भी कम हो जाए।
12 मिमी बारिश दर्ज की गई
शनिवार को धूप और बादलों की लुकाछिपी चलती रही। हल्की हवा ने मौसम को सुहावना बनाए रखा। अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि सुबह 8:30 बजे तक 12 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश फरीदाबाद में 25 मिमी व गुरुग्राम में 11.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग की मानें तो रविवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के आसपास रह सकता है।