प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। मंगलवार को दिल्ली के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया। केंद्र के अनुसार दिल्ली में बुधवार से तापमान में बढ़त दर्ज होगी। दिन में धूप खिलाने से 10 अप्रैल तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक पहुंच सकता है।
वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली में हुई बारिश के कारण प्रदूषण स्तर में गिरावट दर्ज हुई है। सोमवार को दिल्ली में प्रदूषण सूचकांक 179 दर्ज किया गया था, जो मंगलवार को घट कर 109 पर पहुंच गया।
भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदूषण के स्तर में सुधार की संभावना है। हालांकि मौसम गर्म होने के साथ प्रदूषण स्तर में कुछ बढ़त हो सकती है। दिल्ली में बुधवार को 12-16 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिम दिशाओं से प्रमुख सतही हवा चल सकती है। मुख्य रूप से आसमान साफ रहेगा। धूप खिलने की उम्मीद है। अगले कुछ दिनों तक हवाओं की यही गति रहने की उम्मीद है।