मौसम विभाग ने मंगलवार शाम से मौसम के करवट लेने की संभावना जताई थी। दिन भर सूरज की तपिश परेशान करती रही शाम को बारिश की उम्मीद थी लेकिन मौसम में बदलाव नहीं हुआ। अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पीतमपुरा में 41.9, नजफगढ़ में 41.8, रिज में 41.7, जाफरपुर में पारा 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुछ देर के लिए हवा चली लेकिन इससे तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ।
मंगलवार और बुधवार को बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का असर 19 व 20 अप्रैल को दिखेगा। इन दो दिनों में विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चलेगी। बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। वहीं तापमान भी 38 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
विभाग के अनुसार अगले तीन दिन के दौरान अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट और उसके बाद उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है।