दिल्ली एनसीआर में आने वाले दिनों में ठंड में बढ़ोतरी के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में बना एक पश्चिमी विक्षोभ मौसम को प्रभावित कर रहा है। जिससे जम्मू-कश्मीर सहित कई जगहों पर बारिश की संभावना है। वहीं 11 और 12 दिसंबर को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में हल्की बारिश हो सकती है। 15 दिसंबर के बाद तेज हवाएं ठंड को बढ़ाने में मदद करेंगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान 5-6 डिग्री सेल्सियस एवं अधिकतम तापमान 17-18 डिग्री सेल्सियस तक होने के आसार हैं।
15 से 18 दिसंबर के बीच हल्के फॉग या स्मॉग की स्थितियां भी बन रही हैं। हालांकि प्रदूषण का स्तर इस संबंध में स्थिति को और स्पष्ट करेगा। यदि 15 दिसंबर के बाद शहर में प्रदूषण स्तर कम न हुआ तो स्मॉग की स्थिति बनेगी, लेकिन प्रदूषण स्तर में गिरावट आती है तो लोगों को सिर्फ हल्के कोहरे का सामना करना पड़ेगा।
राजधानी की आबोहवा दो दिन में और खराब होगी
राजधानी में तापमान में गिरावट के साथ रविवार को आबोहवा और ज्यादा खराब हो गई। कम तापमान व मंद हवा के कारण राजधानी की वायु गुणवत्ता आने वाले दो दिनों में और भी ज्यादा खराब होने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, राजधानी में रविवार को वायु गुणवत्ता इंडेक्स 377 रहा, जो पिछले 20 दिनों में सबसे ज्यादा है।
सीपीसीबी के मुताबिक, एनसीआर के गाजियाबाद, नोएडा व फरीदाबाद में वायु गुणवत्ता सबसे ज्यादा खराब दर्ज की गई। इसके अलावा सात अन्य इलाकों आनंद विहार, मुंडका, आरके पुरम, रोहिणी, विवेक विहार, जहांगीरपुरी व नेहरू नगर में वायु की गुणवत्ता बदतर तो वहीं दूसरी ओर 20 क्षेत्रों में यह सबसे खराब दर्ज की गई।
राजधानी में पीएम 2.5 की मात्रा 221 तो पीएम 10 की मात्रा 389 दर्ज की गई। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेटर फोरकास्टिंग (सफर) ने अपने आकलन में कहा कि राजधानी की आबोहवा आने वाले दो दिनों में और खराब होगी।