धमाके के कुछ ही मिनटों में आसपास के इलाकों की बिजली कुछ देर के लिए गुल हो गई। दुकानों के शटर गिरने लगे, और शाम की खरीददारी के बीच लोगों ने अफरा-तफरी में बाजार छोड़ना शुरू कर दिया। कनॉट प्लेस, चांदनी चौक और दरियागंज के कई बाजारों को एहतियातन बंद करवा दिया गया। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से लाल किले से लेकर राजघाट और दरियागंज तक यातायात रोक दिया। दिल्ली पुलिस की सलाह पर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक और चार को अस्थायी रूप से बंद किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाके की आवाज इतनी तीव्र थी कि सिविल लाइंस और आईटीओ तक लोगों ने झटका महसूस किया। चांदनी चौक के कारोबारी रमेश गुप्ता ने बताया कि हम दुकान बंद करने ही वाले थे कि अचानक जोरदार धमाका हुआ। पूरा शटर हिल गया। पहले लगा जैसे पास में ट्रांसफार्मर फटा हो, लेकिन कुछ सेकंड में लोगों की चीखें सुनाई देने लगीं।
कई जगह टूटे शीशे, मेट्रो सेवाएं रोकी गईं
विस्फोट की तीव्रता से आसपास की कई दुकानों और घरों के शीशे चटक गए। लाल मंदिर और मेट्रो स्टेशन पर लगे कांच के दरवाजे टूट गए। सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति का आकलन करने के लिए लाल किला, दिल्ली गेट, आईटीओ और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर सेवाएं कुछ देर रोक दीं। शाम सात बजे से करीब बीस मिनट तक येलो और वायलेट लाइन पर ट्रेनें धीमी गति से चलीं।
लोगों में दहशत, मोबाइल नेटवर्क ठप
धमाके के बाद इलाके में मोबाइल नेटवर्क पर अचानक लोड बढ़ गया। लोग अपने घरवालों को फोन करने लगे, जिससे कुछ समय तक कॉल कनेक्ट नहीं हो पा रहे थे। पुलिस को एक घंटे में 200 से अधिक कॉल्स मिलीं, जिनमें ज्यादातर लोग अपने क्षेत्र में आवाज सुनाई देने और झटके महसूस होने की सूचना दे रहे थे।
रात तक गूंजती रही सनसनी
रात 10 बजे तक कई इलाकों में लोगों के बीच चर्चा का विषय सिर्फ एक ही रहा कि इतनी तेज आवाज कहां से आई? सोशल मीडिया पर भी दिल्लीवासियों ने अपनी लोकेशन से धमाके की गूंज की पुष्टि करते हुए वीडियो साझा किए। हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहें न फैलाने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।
शाम 7:29 बजे-
37 मिनट में दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। दमकल विभाग ने बताया कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में विस्फोट की सूचना मिली थी। उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी एके मलिक ने कहा हमें सूचना मिली कि एक कार में विस्फोट हुआ है। हमने तुरंत कार्रवाई की और सात गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। शाम 7:29 बजे आग पर काबू पा लिया गया।
रात 9:23 बजे-
लाल किले के सामने हुए विस्फोट के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना के 10 मिनट के भीतर ही स्पेशल सेल की एक टीम मौके पर पहुंच गयी। एनएसजी और एनआईए की टीम एफएसएल के साथ जांच शुरू कर दी।
रात 9.28 बजे-
घटना के बाद भारत के गृह मंत्री अमित शाह तुरंत लोक नायक अस्पताल पहुंचे और हादसे में घायल हुए लोगों से हालचाल पूछा।
रात 9:42 बजे-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
रात 10.35 बजे-
उसके बाद गृह मंत्री घटनास्थल पहुंच कर जांच में जुटे दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से जानकारी हासिल की।